बालोद। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री एवं वरिष्ठ संगठनकर्ता अजय जामवाल के एक दिवसीय बालोद प्रवास के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों के साथ कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से आत्मीय संवाद का क्रम जारी रहा। इसी दौरान उनका निशा योगी भाजपा जिलामंत्री के निवास पर आगमन हुआ, जहां परिवारजनों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इसके पश्चात अजय जामवाल जी को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा एवं स्थानीय खानपान से परिचित कराते हुए विशेष रूप से पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन परोसे गए। सादगीपूर्ण एवं पारिवारिक वातावरण में आयोजित इस भोजन कार्यक्रम में उन्होंने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से आत्मीय चर्चा की तथा संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया।
अपने प्रवास के दौरान अजय जामवाल जी ने कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, जनसेवा एवं आगामी कार्यक्रमों के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का वास्तविक आधार उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिनकी मेहनत, निष्ठा और जनसंपर्क के बल पर संगठन निरंतर विस्तार एवं मजबूती प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मेजबान परिवार ने इस अवसर को अपने जीवन का गौरवपूर्ण एवं अविस्मरणीय क्षण बताते हुए कहा कि भाजपा के वरिष्ठ संगठनकर्ता एवं शीर्ष नेतृत्व के सान्निध्य में समय बिताने तथा उनके आतिथ्य का अवसर प्राप्त होना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने आदरणीय अजय जामवाल जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह, मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लूनिया, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा संतोष चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता राजा दीवान, नगर पालिका परिषद बालोद के उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, भाजपा शहर मंडल बालोद अध्यक्ष अमित चोपड़ा, भाजपा जिला कार्यालय मंत्री विनोद जैन, रवि पांडेय, श्वेता परिहार, अभिषेक योगी सह-संयोजक भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ नयन योगी सहित भारतीय जनता पार्टी बालोद के अनेक वरिष्ठ, जेष्ठ-श्रेष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अजय जामवाल जी के बालोद प्रवास ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार किया। उनके आत्मीय व्यवहार, सरल व्यक्तित्व और संगठन के प्रति समर्पित कार्यशैली की उपस्थित जनों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनसेवा के कार्यों को गति देने का संकल्प दोहराते हुए अजय जामवाल जी के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
