बालोद। आज दिनाँक 19/01/2026 को उच्च शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन के तत्वाधान में आयोजित सेक्टर स्तरीय महिला खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालोद में उत्साहपूर्वक किया गया।

उद्घाटन कार्यक्रम में बालोद नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया एवं सभी प्रतिभागी महिला खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, खेल विभाग के अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों की महिला टीमों ने भाग लिया, जहां रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

प्रतियोगिता आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना, खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है।

