बालोद। शहर में हाल के दिनों में हुई दो अलग-अलग प्राणघातक मारपीट की घटनाओं को लेकर समाज में आक्रोश व्याप्त है। साहू जलेबी दुकानदार एवं चूरामन साहू पर हुए जानलेवा हमले के दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को विश्व हिंदू परिषद एवं तहसील साहू समाज बालोद के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक बालोद से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि शहर में हाल ही में हुई इन दोनों घटनाओं से समाज में भय और असुरक्षा का वातावरण निर्मित हुआ है। उन्होंने मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

पदाधिकारियों ने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की जाती है, तो समाज एवं संगठन द्वारा आगे आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि दोनों मामलों को गंभीरता से लिया गया है तथा पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद एवं तहसील साहू समाज बालोद के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
