संपादक – शेखर वर्मा
बालोद। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का प्रसारण रविवार को पूरे देश के साथ-साथ बालोद जिले में भी उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ सुना गया। भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद द्वारा जिले के सभी मंडलों एवं बूथों पर कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया गया।

इसी क्रम में भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश महामंत्री श्री यशवंत जैन बालोद विधानसभा के ग्राम सिवनी स्थित बूथ क्रमांक-93 पहुंचे, जहाँ उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचारों को सुना। वहीं जिला अध्यक्ष श्री चेमन देशमुख, जिला महामंत्री श्री राकेश छोटू यादव, श्री सौरभ लुनिया सहित जिले के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने बूथों पर कार्यक्रम में सहभागिता की। बालोद शहर मंडल के बूथ क्रमांक 24 से 47 तक सभी बूथों पर ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया गया। पूरे जिले में कार्यक्रम उत्सव के वातावरण में आयोजित हुआ।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन की प्रमुख बातें
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2026 के छह महीनों में भारत ने अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं, जिन पर प्रत्येक देशवासी को गर्व है। उन्होंने कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय नौसेना में स्वदेशी युद्धपोतों के शामिल होने तथा डीआरडीओ द्वारा स्वदेशी लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल के सफल परीक्षण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत समुद्र से लेकर आकाश तक अपनी सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की ऐतिहासिक सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि इस वर्ष विश्व के 25 लाख से अधिक स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित हुए। अहमदाबाद में आयोजित विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारत द्वारा 114 पदक, जिनमें 102 स्वर्ण पदक शामिल हैं, जीतना देश के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। पश्चिम एशिया की परिस्थितियों के दौरान देशवासियों से किए गए उनके आह्वान—जैसे कार पूलिंग को बढ़ावा देना, सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग, प्राकृतिक खेती एवं रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करना—को जनता ने सकारात्मक रूप से अपनाया है। यह जनसहयोग भारत की सामूहिक शक्ति का परिचायक है।

प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के नांदेड़ के एक परिवार का उल्लेख किया, जिसने अपनी पारिवारिक खुशियों को समाज के साथ साझा करते हुए 3500 ग्रामीणों का दुर्घटना बीमा कराया। उन्होंने इसे सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएँ करोड़ों परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही हैं और कठिन समय में उनके लिए मजबूत सहारा बन रही हैं।
प्रधानमंत्री ने समाज में व्याप्त अंधविश्वास के विरुद्ध वैज्ञानिक सोच अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने असम में दुर्लभ हरगिला पक्षी के संरक्षण के लिए जीव वैज्ञानिक पूर्णिमा देवी बर्मन और हजारों महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे “हरगिला आर्मी” अभियान की सराहना करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और जनसहभागिता से सामाजिक बदलाव संभव है।
युवा शक्ति का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने नागालैंड की बेबी लीग एवं महिला फुटसल लीग जैसी पहलों की प्रशंसा की और कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और आत्मविश्वास का सशक्त माध्यम बन रहे हैं।

नई तकनीक और भारतीय संस्कृति के समन्वय पर बल देते हुए उन्होंने नालंदा विश्वविद्यालय में प्राचीन शास्त्रार्थ परंपरा के पुनर्जीवन तथा भारतीय भाषाओं एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित प्रयासों की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए मेघालय के जीवित जड़ पुलों, मध्यप्रदेश के राजगढ़ में प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण तथा गणेश उत्सव में मिट्टी की प्रतिमाओं के उपयोग जैसे प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि ‘लोकल फॉर वोकल’ को अपनाकर हम पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों और कारीगरों को भी सशक्त बना सकते हैं।
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वर्षा जल संचयन को प्रत्येक नागरिक का दायित्व बताते हुए कहा कि “पानी की हर बूंद को बचाना हम सबका संकल्प होना चाहिए। जल संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाइए।”
प्रदेश महामंत्री श्री यशवंत जैन का उद्बोधन
कार्यक्रम के पश्चात भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री यशवंत जैन ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के जन-जन को जोड़ने, सकारात्मक सोच विकसित करने और समाज में सेवा, संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण की भावना जागृत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण की योजनाओं पर दिए गए संदेशों को प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में उतारना चाहिए।

जिला अध्यक्ष श्री चेमन देशमुख का वक्तव्य
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चेमन देशमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रेरक विचार प्रत्येक भारतीय को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराते हैं। उन्होंने कहा कि “जब मन में संकल्प हो और समाज का साथ मिले, तब कोई भी बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।” यही ‘मन की बात’ का मूल संदेश है, जिसे प्रत्येक कार्यकर्ता और नागरिक तक पहुँचाना हम सबका दायित्व है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, बूथ अध्यक्षों, वरिष्ठ भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाजहित एवं राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कमल पनपालिया
मीडिया प्रभारी
भारतीय जनता पार्टी, जिला बालोद