संपादक – शेखर वर्मा
बालोद। भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान-2026 के अंतर्गत सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय, जुंगेरा में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म (डीएलपी) की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक को भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख एवं जिला महामंत्री राकेश (छोटू) यादव ने संबोधित किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री सौरभ लुनिया, जिला सह-कोषाध्यक्ष मनीष झा सहित जिले के पदाधिकारी, सभी मंडलों के अध्यक्ष, संगठन प्रभारी, विभिन्न मोर्चों के जिला अध्यक्ष, डीएलपी जिला टीम, मंडल प्रभारी एवं तकनीकी टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने जिले के सभी मंडलों में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर पर आयोजित की जाने वाली बैठकों की विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि जिन मंडलों में कार्य अभी शेष है, वे इसे गंभीरता से लेते हुए शीघ्र पूर्ण करें। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म पर अपना प्रशिक्षण समयबद्ध रूप से पूरा करने का आग्रह किया।
जिला महामंत्री राकेश (छोटू) यादव ने डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म की जानकारी देते हुए कहा कि यह अभियान प्रत्येक कार्यकर्ता को आधुनिक एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। डीएलपी के माध्यम से कार्यकर्ताओं को तेजी से डिजिटल तकनीक से जोड़कर उन्हें संगठनात्मक कार्यों में अधिक दक्ष बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आज का युग सूचना एवं संचार क्रांति का युग है। डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने की दिशा में डीएलपी का उद्देश्य जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाना है, ताकि वे सरकारी योजनाओं एवं पार्टी की विचारधारा को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचा सकें। गांव के प्रत्येक बूथ का कार्यकर्ता मोबाइल के माध्यम से सीधे प्रशिक्षण प्राप्त कर सके, इसी उद्देश्य से ऑडियो-वीडियो एवं डिजिटल कंटेंट उपलब्ध कराया जा रहा है।
डीएलपी के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी के गौरवशाली इतिहास, अंत्योदय के सिद्धांत, राष्ट्रहित की नीतियों, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिससे कार्यकर्ता भ्रामक प्रचार एवं अफवाहों का प्रभावी जवाब दे सकें।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसा राजनीतिक संगठन है जो समय के साथ स्वयं को निरंतर आधुनिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाता है। डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से प्रशिक्षित कार्यकर्ता आने वाले समय में संगठनात्मक कार्यों को और अधिक गति देंगे तथा जनता और सरकार के बीच एक मजबूत एवं आधुनिक सेतु की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि यह भाजपा संगठन का पहला ऐसा अभियान है, जिसकी गतिविधियों का रिकॉर्ड राष्ट्रीय कार्यालय एवं पीएमओ स्तर तक दर्ज किया जाएगा।
कमल पनपालिया
मीडिया प्रभारी
भारतीय जनता पार्टी, जिला बालोद